शुक्रवार, 22 मई 2020

नवगछिया में अक्षय सुहाग की कामना को सुहागिनों ने की वट सावित्री की पूजा GS NEWS



नवगछिया में अक्षय सुहाग व पति की दीर्घायु और सेहत-नेमत की कामना को ले सुहागिन महिलाओं ने शुक्रवार को वट सावित्री पूजन पर्व धूमधाम से मनाया। सुबह से ही सुहागिन महिला शुभ मुहूर्त में पूजा अर्चना करने के लिए सज-धजकर हाथों में फलों की डाली, पकवान और बांस के बने पंखे के साथ बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर पूजा-अर्चना की। शहर के गंडक कॉलोनी स्थित वटवृक्ष, शांति वट वृक्ष, महादेवा स्थित वट वृक्ष सहित शहर के विभिन्न स्थलों व ग्रामीण क्षेत्रों में बरगद के पेड़ के नीचे दिनभर सुहागिन महिलाओं ने पेड़ में धागा बांध 108 बार परिक्रमा कर अखंड सुहाग की कामना की। हालांकि, इस दौरान कई जगहों पर लॉकडाउन की बंदिशें टूटती नजर आईं। वट वृक्ष के समीप इतनी भीड़ जुटी थी कि शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। 

पूजन अर्चना के दौरान सुहागिन महिलाओं में कोरोना संक्रमण की चिता नहीं देखी गई। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे इन महिलाओं ने पति की दीर्घायु के लिए कोरोना के डर को भी मात दे दिया हो। महिलाओं के चेहरे पर मास्क या फेस कवर भी नहीं दिखा।

 आमतौर पर कोरोना संक्रमण को लेकर ज्यादा संजीदा रहने वाली महिलाएं इस दौरान संक्रमण के भय से पूरी तरह मुक्त होकर पूजा अर्चना में लीन दिखी। इस दौरान कई जगह पर पंडितों ने पूजा अर्चना की और महिलाओं को सावित्री सत्यवान की कथा सुनाई। वहीं दूसरी ओर जिन सुहागिन महिलाओं को कोरोना का डर था, वे अपने-अपने घरों में ही वट वृक्ष की डाली के साथ पूजा अर्चना कर पति के लंबी उम्र के साथ सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। आचार्य पंडित ललित झा  ने बताया कि अक्षय सुहाग का वट सावित्री व्रत इस बार कृतिका नक्षत्र और शोभन योग में मनाया गया। सुहागिन महिलाओं के लिए ये योग विशेष फलदायी था। 
ऐसा माना जाता है कि वट वृक्ष की पूजा करने से सुहाग की रक्षा होती है एवं पति दीर्घायु होते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें