कुल पाठक

शुक्रवार, 19 मई 2017

हे भगवान : पटना में सामान भूल कर यात्री को दिल्ली पहुँचा दिया जेट विमान

पटना । 

पटना एयरपोर्ट से दोपहर 1:55 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाली फ्लाइट के यात्री शुक्रवार को उस वक्त हैरान रह गए जब दिल्ली पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका सामान पटना में ही छूट गया है। यह जानकर फ्लाइट के यात्रियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के काउंटर पर जमकर हंगामा किया। जब यात्रियों को यह आश्वासन दिया गया कि उनका लगेज उनके घर सुरक्षित पहुंचा दिया जाएगा तब जाकर वे माने।

पटना से निजी कंपनी की फ्लाइट संख्या 724 ने तय समय से लगभग घंटे विलंब से उड़ान भरी। इसे दोपहर 1.55 बजे पटना आना था। बाद में इसके 20 मिनट लेट से आने की सूचना दी गई। फ्लाइट पहुंची तो सारे यात्री इसमें सवार हो गए। बैठने के बाद भी विमान की उड़ान में विलंब होने लगा।

यात्रियों ने विलंब का कारण पूछा पर क्रू के सदस्यों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके लगभग 45 मिनट बाद फ्लाइट ने उड़ान भरी। जब दिल्ली पहुंची तो यात्रियों को सामान लेने के लिए काउंटर संख्या पांच पर पहुंचने को कहा गया। वहां जब यात्री पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका सामान दिल्ली पहुंचा ही नहीं।

तब यात्रियों ने काफी देर तक बवाल किया। अंत में कंपनी प्रबंधन ने यात्रियों को आश्वासन देते हुए सामान को देर रात की फ्लाइट से दिल्ली मंगवाने की बात कही। काफी मान-मनौव्वल के बाद यात्री घर जाने को राजी हुए।

सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हो रही थी जिन्हें रात की फ्लाइट से ही दुबई, जेद्दा, फ्रांस व यूएसए जाना था। इनमें से अधिकांश यात्रियों की फ्लाइट रात में 00.30 बजे से 3.30 बजे के बीच थी। ऐसे यात्रियों को भी उनका सामान उनके गंतव्य तक पहुंचा देने का आश्वासन दिया जा रहा था। हालांकि कंपनी प्रबंधन की ओर से इस तरह की घटना से इनकार किया गया है।

ज्ञात हो कि गुरुवार को भी एक कंपनी की फ्लाइट ने सारा सामान छोड़ यात्रियों को दिल्ली पहुंचा दिया था। कल भी यात्रियों ने सामान के लिए हंगामा किया था। उनका सामान आज उनके घर तक पहुंचाया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें