कुल पाठक

शुक्रवार, 19 जून 2020

अद्भुत खगोलीय घटना साबित होगा 21 जून वाला सूर्य ग्रहण,जान लीजिए पूरी बात GS NEWS


 आषाढ़ कृष्ण पक्ष अमावस्या के दिन रविवार 21 जून को वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण लगेगा। 21 जून को अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस है। ग्रहण के दिन सूर्य कर्क रेखा के एकदम ठीक ऊपर आएगा। 21 जून का दिन साल का सबसे बड़ा दिन माना जाता है। ऐसा संयोग दूसरी बार बना है जब साल के सबसे बड़े दिन पर सूर्य ग्रहण लग रहा है। शास्त्रों में रविवार का दिन भगवान सूर्य को समर्पित होता है। सूर्य ग्रहण के दिन सभी नौ ग्रहों में से छह ग्रह वक्री चाल में रहेंगे। वक्री चाल को उल्टी चाल कहा जाता है। इसमें ग्रह उल्टी दिशा में चलते हैं।
इस बार कई संयोग लेकर आ रहा सूर्य ग्रहण

21 जून रविवार को सूर्य ग्रहण सुबह करीब 10:30 बजे शुरू होगा और दोपहर 02:04 बजे खत्म होगा। इसका सूतक 12 घंटे पहले यानी 20 जून को रात 10:30 से ही शुरू हो जाएगा, जो ग्रहण के साथ ही खत्म होगा।


क्या करें और क्या नहीं

ग्रहण के समय घर से बाहर नहीं निकलें। ग्रहण से पहले स्नान करें। तीर्थों पर न जा सकें तो घर में ही पानी में गंगाजल मिलाकर नहाएं। ग्रहण के दौरान भगवान शिव के मंत्रों का जाप करें। श्रद्धा के अनुसार दान करना चाहिए।

 सूर्य ग्रहण के दौरान सोना, यात्रा करना, पत्ते का छेदना, तिनका तोड़ना, लकड़ी काटना, फूल तोड़ना, बाल और नाखून काटना, कपड़े धोना और सिलना, दांत साफ करना, भोजन करना, घुड़सवारी, हाथी की सवारी करना और गाय-भैंस का दूध निकालना आदि की मनाही है।



इन राशि वालों को रहना होगा सावधान

मेष, सिंह, कन्या और तुला राशि के लोगों के लिए यह ग्रहण मध्यम फल देने वाला साबित होगा। शेष राशि के लोगों को लगभग शुभ फलों की प्राप्ति होने के योग बनेंगे। सूर्य ग्रहण मिथुन राशि में लगेगा, इसलिए इस ग्रहण का सर्वाधिक प्रभाव मिथुन राशि के जातकों पर पड़ेगा। मिथुन राशि वाले को यह ग्रहण बिल्कुल भी नहीं देखना चाहिए और मंत्र जाप करना चाहिए।


 मिथुन राशि के लोगों को शारीरिक रूप से परेशानी होने के योग बन रहे हैं। उनका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है और किसी प्रकार की चोट लग सकती है। व्यर्थ की चिंताओं से दूर रहना और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का प्रयास करना ही मिथुन राशि वालों के लिए लिए अच्छा रहेगा। मिथुन राशि के अलावा वृषभ, कर्क, धनु और मकर राशि के लोगों को भी खासतौर पर सावधानी बरतनी चाहिए। वृषभ राशि के लोगों को जहां आर्थिक तौर पर इस ग्रहण के प्रभाव से धन हानि के योग बन सकते हैं, वहीं कर्क राशि के लोगों को खर्चों में बढ़ोतरी और आर्थिक कमज़ोरी तथा स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। 


धनु राशि के लोगों को भी स्वास्थ्य के मामले में परेशानी उठानी पड़ सकती है और उनके दांपत्य जीवन में भी तनाव का सामना करना पड़ सकता है। जो लोग मकर राशि में जन्मे हैं, उनको भी शारीरिक रूप से परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें